15.12 लीटर विदेशी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गोपालगंज, 20 मार्च 2026। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कटेया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15.12 लीटर विदेशी शराब बरामद की है, साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कटेया थाना क्षेत्र के पंचदेवरी गांव के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई, जहां उसके पास से 15.120 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी विमल कुमार (पिता शंभू शाह, निवासी भटवलिया थाना संग्रामपुर, जिला मोतिहारी) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब के साथ मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गोपालगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।











