विजयीपुर के मझवलिया बैंक में बवाल: ग्राहक से बदसलूकी का वीडियो वायरल, सिस्टम पर उठे सवाल
सेंट्रल बैंक शाखा में प्रबंधक और कैशियर पर अभद्र व्यवहार का आरोप, प्रखंड के बैंकों की कार्यशैली पर फिर घिरी व्यवस्था
विजयीपुर/गोपालगंज
विजयीपुर प्रखंड के मझवलिया बाजार स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक खाताधारक के साथ शाखा प्रबंधक और कैशियर द्वारा कथित बदसलूकी करते हुए देखा जा रहा है, जिससे आम ग्राहकों में आक्रोश बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विजयीपुर प्रखंड के अधिकांश सरकारी बैंकों में ग्राहकों के साथ व्यवहार संतोषजनक नहीं है। बैंक कर्मियों से लेकर सुरक्षा गार्ड तक का रवैया सख्त और असहयोगपूर्ण बताया जा रहा है। वहीं, कुछ सीएसपी संचालकों पर भी आरोप है कि वे बैंक प्रबंधन के ‘निजी प्रतिनिधि’ की तरह काम करते हुए लोन से जुड़े मामलों में कथित तौर पर कमीशन की डील करते हैं।
ग्राहकों का कहना है कि बैंक अब भले ही आधुनिक और कॉरपोरेट सिस्टम की ओर बढ़ रहे हों, लेकिन विजयीपुर की शाखाओं में पुरानी कार्यशैली अब भी हावी है। मोबाइल फोन पर बात करना या रिकॉर्डिंग करना कई जगहों पर सख्ती से मना है, जिससे पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस पूरे मामले में जब पीड़ित ग्राहक से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं बैंक कर्मियों का पक्ष भी सामने नहीं आ पाया है।
वीडियो के वायरल होने के बाद अब बैंकिंग व्यवस्था और ग्राहकों के अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि प्रशासन और बैंक प्रबंधन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।










