चोरी की स्विफ्ट डिजायर कार के साथ दो युवक गिरफ्तार
गोपालगंज (कटेया): जिले में चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटेया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की एक कार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के अनुसार 24 मार्च 2026 की रात पुलिस द्वारा कटेया थाना क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक ने कार रोकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार को रोक लिया और उसमें सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कार से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए। सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि कार चोरी की है। हालांकि तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं किया गया है ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बघौच थाना क्षेत्र के कोईलसवा खुर्द निवासी क्रमशः हरेंद्र प्रसाद का 29 वर्षीय पुत्र विकास प्रसाद और हनीफ अंसारी के 20 वर्षीय पुत्र फिरोज अंसारी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कटेया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी आपराधिक गतिविधियों में पहले से भी शामिल रहे हैं।
कटेया थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की गाड़ियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।










