गोपालगंज में सघन वाहन जांच अभियान, नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
ब्यूरो आशीषरंजन श्रीवास्तव की रिपोर्ट
गोपालगंज पुलिस द्वारा जिले भर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शुरू किए गए इस विशेष अभियान में संदिग्ध वाहनों और अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अभियान के दौरान बाइक, कार, ऑटो और अन्य वाहनों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही वाहन मालिकों के कागजात की सत्यता भी जांची जा रही है। बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल चालान और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अपराध पर अंकुश लगाना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। जगह-जगह चेकिंग प्वाइंट बनाकर दिन-रात सघन जांच की जा रही है।
बिहार पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके और अपराधियों पर सख्त नियंत्रण रखा जा सके।










