गंधरपा में युवक को मारपीट कर किया घायल
नौतन से फिरोज अंसारी की रिपोर्ट
स्थानीय थाना क्षेत्र के गंधरपा गांव में मध्य रात्रि में लघुशंका करने निकले एक दलित युवक को मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। इसको लेकर पीड़ित युवक संदीप राम की मां शैल देवी ने थाने में आवेदन देकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि 16 मार्च 2026 की मध्य रात्रि में उनका पुत्र लघुशंका करने घर से निकला, तभी पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उसका मुंह दबाकर उठाकर अपने घर की ओर लेकर चले गए तथा जाति-सूचक गाली देते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। महिला ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी जिसके बाद घायल युवा को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों द्वारा सिवान के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज कराया गया। जब अगले दिन 17 मार्च 2026 को युवक को होश आया, तो उसकी मां ने नौतन थाने पहुंचकर गंधरपा गांव के ही आठ लोगों को नामजद आरोपित किया। इस संबंध में थाना प्रभारी जीतमोहन प्रसाद ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।










