अबीर लगाने को लेकर विवाद बना मारपीट का कारण, चार पर प्राथमिकी दर्ज
कटेया थाना क्षेत्र के महुअवा गांव में अबीर लगाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बृजमोहन गोंड़ ने थाने में दिए आवेदन में बताया कि 4 मार्च की दोपहर करीब दो बजे गांव में ताहिर मियां और सचिन गुप्ता के बीच अबीर लगाने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान उनकी मां बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोप है कि सचिन गुप्ता ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित के अनुसार जब वे इस मामले में पूछताछ करने गए, तो सचिन गुप्ता सहित चार लोगों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे उनका सिर फट गया और वे बेहोश होकर गिर पड़े। मारपीट के दौरान उनकी मां के गले से चेन भी छीन ली गई।
गोपालगंज पुलिस ने पीड़ित के आवेदन के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










